शहर की सबसे व्यस्त सड़क के समांतर बनी नई मेट्रो लाइन पर मंगलवार से ट्रायल रन शुरू हो गया। साढ़े ग्यारह किलोमीटर लंबी इस लाइन पर कुल नौ स्टेशन बनाए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल के दौरान सिग्नल प्रणाली, ब्रेकिंग सिस्टम और प्लेटफ़ॉर्म दरवाज़ों की बारीकी से जांच की जाएगी। सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद अगले छह महीने में यह लाइन यात्रियों के लिए खोल दी जाएगी।
स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि लाइन शुरू होने से इलाके का जाम भी कम होगा और कारोबार बढ़ेगा।